प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आज भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के पार्टी के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया और भारतीय जनता पार्टी की कार्यसंस्कृति, लोकतांत्रिक आस्था और सर्वसमावेशी नेतृत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष को भविष्य की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी, केंद्रीय गृह मंत्री एवं पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी, पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उप-प्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी जी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मुरली मनोहर जोशी जी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह चौहान जी, भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी श्री राधामोहन सिंह जी, केंद्रीय मंत्री श्री थावरचंद गहलोत जी, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) श्री रामलाल जी, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री बी एल संतोष जी, पार्टी के संसदीय दल के तमाम नेता, पार्टी के सभी राष्ट्रीय महासचिव, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री एवं पार्टी के तमाम पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
श्री मोदी ने कहा कि जिन आदर्शों और मूल्यों के लिए पार्टी की पांच-पांच पीढ़ियाँ खप गईं, उन्हीं आदर्शों और मूल्यों को लेकर भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र की आशा और अपेक्षाओं के अनुरूप अपने आप को ढाला और विस्तार किया और आगे भी इसी पथ पर चलने के लिए हम कृतसंकल्पित है। पार्टी हॉरिजेंटल विस्तार करती है और कार्यकर्ताओं का वर्टिकल विकास होता है। इसी परंपरा का परिणाम है कि भाजपा को लगातार नई पीढ़ियां मिलती चली जा रही हैं जो पार्टी को आगे बढ़ाने में सफल होती है। इतने कम समय में भाजपा ने विस्तार भी किया है, जनता की आकांक्षाओं से खुद को जोड़ा है और समय के हिसाब से परिवर्तन भी किया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के लिए चुनाव लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। अकेले में तो सब दल बोलते हैं कि बार -बार चुनाव, लेकिन जब एक सामूहिक स्टैंड लेना होता है तो हर एक को कुछ न कुछ कठिनाई आती है। आम तौर पर हमारी पार्टी का विस्तार संघर्ष और संगठन इन दो पटरियों पर हुआ है। देशहित की समस्याओं को लेकर संघर्ष करना और संगठन को बढ़ाते रहना यही कार्यकर्ताओं का मंत्र रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सत्ता में रहते हुए पार्टी को चलाना बहुत बड़ी चुनौती होती है। राजनीतिक दल भी सरकार का हिस्सा दिखने लगता है। हम सरकार और दल के बीच की लकीर को खत्म नहीं होने देंगे। जो भी आवश्यक मर्यादाएं हैं, उनका पूरी तरह पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की विशेषता रही है कि हम सदैव एक सुचारु ढंग से चलने वाली व्यवस्था के तहत आगे बढ़ते हैं। हम लंबे अरसे तक मां भारती की सेवा करने के लिए आए लोग हैं। हमें सदियों तक यही काम करना है। जिन अपेक्षाओं से इस पार्टी का जन्म हुआ है, उसे पूरा किए बगैर चैन से बैठना नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ संख्या बल पर बनी हुई सबसे बड़ी पार्टी नहीं बल्कि जन-सामान्य के दिलों में जगह बनाकर बनी हुई पार्टी है और हमारी यात्रा अनवरत रूप से इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी चले लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार को मजबूती मिलती रहे। हमें एक सुचारू रूप से चलने वाली व्यवस्था से जुड़ने वाले दल की तरह आगे बढ़ना चाहिए।
विपक्ष पर बरसते हुए श्री मोदी ने कहा कि हम जिन आदर्शों को लेकर चले, कुछ लोगों को उसी पर ऐतराज है। उनके लिए बहुत काम रास्ते बचे हैं, इसलिए उनका एजेंडा बन गया है कि भ्रम फैलाओ, झूठ फैलाओ। हर चीज को एक रूप और रंग दे दो, हवा दे दो। ये हम लगातार देख रहे हैं। हम जहां पहुंचे हैं, उसकी वजह एक-एक भाजपा कार्यकर्ता का जनता के एक-एक नागरिक के साथ विश्वास का नाता है। उसी शक्ति ने पहली बार गैर कांग्रेसी पार्टी को पूर्ण बहुमत दिया और दूसरी बार पहले से ज्यादा वोट देकर जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा नकारे जा चुके लोग अब झूठ और भ्रम को हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। वे लोग भ्रम फैला रहे हैं लेकिन लोगों का भरोसा डिगा नहीं है। उनका झूठ चलता रहेगा और हम भी चलते रहेंगे। हमारे लिए और सक्रियता की आवश्यकता है, जन-जन तक पहुंचने की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा सौभाग्य रहा है कि यहां बैठे हुए सभी वरिष्ठ जनों के नेतृत्व में मुझे पार्टी का काम करने का अवसर मिला। कभी राज्य स्तर पर और कभी राष्ट्रीय स्तर पर इन सबकी अंगुली पकड़कर चलने का मुझे मौका मिला है। उन्होंने कहा कि 2014 में श्री अमित भाई शाह जी और 2014 के पहले हम श्री राजनाथ जी के नेतृत्व में लोक सभा चुनाव लड़े और विजयी हुए। हम श्री नड्डा जी के नेतृत्व में भी इसी तरह सफलता की नित नई कहानियां लिखते रहेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री एवं पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी की तारीफ़ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में श्री अमित भाई शाह जी के बेहतरीन योगदान को शब्दों में व्यक्त किया जा सकता है। श्री अमित भाई का कार्यकाल इसलिए याद रखा जाएगा क्योंकि उन्होंने पार्टी को मजबूती दी और इसे देश के कोने-कोने में पहुंचाया। उन्होंने पार्टी को बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन को एक नयी ताकत देने के लिए अविरत कार्य किया और इसमें तकनीक का भरपूर उपयोग किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल के लिए सत्ता में रहते हुए संघर्ष करना मुश्किल होता है लेकिन भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में रहते हुए श्री अमित भाई शाह ने पार्टी का जो विस्तार किया है, वह अपने आप में अद्भुत है।
श्री जगत प्रकाश नड्डा जी की सादगी और मिलनसार स्वभाव का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने कहा कि मैंने नड्डाजी के साथ स्कूटर पर बैठकर काम किया है। मुझे लंबे वक्त तक हिमाचल में काम करने का मौका मिला। मैं पार्टी का जब संगठन देखता था तो नड्डा युवा मोर्चा का काम देखते थे। जब जो जिम्मेदारी मिली, उसे निभाते रहे। जो काम मिले, उसमें उत्तम से उत्तम करके दिखाना हमने श्री नड्डाजी में देखा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोगों को लगता होगा कि हिमाचल का एक बेटा आज भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष बना है लेकिन नड्डा जी पर जितना हक हिमाचल का है, उतना ही बिहार का भी है। नड्डाजी की पढ़ाई लिखाई बिहार से हुई है। उन पर बिहार ज्यादा गर्व कर रहा होगा। हिमाचल तो गर्व कर सकता है कि अटलजी भी उन्हीं के थे। मेरे जीवन का सबसे ऊर्जा भरे दिन हिमाचल के ही थे। उन्होंने कहा कि श्री नड्डा जी का नेतृत्व हमें नई प्रेरणा और ऊर्जा देगा और हम सब कार्यकर्ताओं का काम है कि नड्डा जी यशस्वी हों और आगे बढ़ें। नड्डा जी जो भी चाहे, हम उसे पूरा करके दें, यह हमारा दायित्व बनता है।

No comments:
Post a Comment