Saturday, January 25, 2020

BJP National President Shri Jagat Prakash Nadda adressing public meetings at Pandav Jagat in Delhi


भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज शुक्रवार को दिल्ली विधान सभा चुनाव के मद्देनजर पांडव नगर (लक्ष्मी नगर विधान सभा) और आनंद विहार (विश्वास नगर विधान सभा) में आयोजित विशाल जन-सभाओं को संबोधित किया और दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर करारा प्रहार करते हुए प्रदेश की जनता से भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया। पांडव नगर में लक्ष्मी नगर विधान सभा के भाजपा प्रत्याशी श्री अभय वर्मा और विश्वास नगर विधान सभा के भाजपा प्रत्याशी श्री ओपी शर्मा भी उपस्थित थे।


केजरीवाल सरकार पर दिल्ली प्रदेश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए श्री नड्डा ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल और उनकी सरकार ने दिल्ली की जनता से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं किया लेकिन अब कहते हैं कि अच्छे बीते पांच साल। 60 महीने में 57 महीने तो केजरीवाल कहते रहे कि मोदी सरकार ने काम नहीं करने दिया तो फिर कैसे अच्छे बीते पांच साल? केजरीवाल सरकार झूठ भी ऐसा बोलती है कि वह अपने आप जनता के सामने एक्सपोज हो जाती है। वास्तव में जनता को गुमराह कर अपनी राजनैतिक रोटियाँ सेंकना इनकी हमेशा से फितरत रही है। केजरीवाल सरकार ने पांच साल में 500 स्कूल और 20 हॉस्पिटल बनाने का वादा किया था, 5000 नई डीटीसी बसें सड़कों पर उतारने का वादा किया था, 15 लाख सीसीटीवी और फ्री वाई-फाई लगाने का वादा किया था, दिल्ली को लोकपाल देने का वादा किया था लेकिन इसमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार और कांग्रेस पार्टी के दांत खाने के कुछ और हैं और दिखाने के कुछ और। ये कहते कुछ और हैं, करते कुछ और। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, करके दिखाती है। जनता की सेवा करना और देश को मजबूती से विकास के पथ पर अग्रसर करना भारतीय जनता पार्टी सरकार की पहचान रही है।  

 राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने दिल्ली के 1731 अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत कर 40 लाख से अधिक लोगों को उनके घर का मालिकाना हक दिया है जो आज तक दिल्ली की कोई प्रदेश सरकार या केंद्र में वर्षों तक रही कांग्रेस की सरकार ने नहीं किया। अब मोदी सरकार “जहां झुग्गी, वहीं मकान” की दिशा में काम कर रही है और गरीबों के जीवन-स्तर को ऊपर उठाने का प्रयत्न कर रही है। केंद्र की भाजपा सरकार ने इस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल कॉरिडोर का निर्माण किया, आईटीओ पर अंडर पास बनाने का काम शुरू किया और 6700 करोड़ रुपये की लागत से मेरठ एक्सप्रेसवे के फर्स्ट फेज का काम भी पूरा हो चुका है। प्रदूषण कम करने के लिए मोदी सरकार ने कई कदम उठाये लेकिन अरविन्द केजरीवाल सरकार केंद्र की भाजपा सरकार की विकास की किसी भी योजनाओं को दिल्ली में लागू ही नहीं होने देती। न तो गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही आयुष्मान भारत योजना को अरविन्द केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में लागू नहीं होने दिया और न ही प्रधानमंत्री आवास योजना को। हमें दिल्ली के विकास के लिए जहां-जहां योगदान करने का मौक़ा मिला, हमें पूरा प्रयास किया। दिल्ली देश की राजधानी है और यह समग्र भारतवर्ष का प्रतिबिंब है, इसे संभाल कर विकास करने की जिम्मेवारी हम सब भारतवासी की है। भारतीय जनता पार्टी सदैव ही माँ भारती की सेवा में, दिल्ली की सेवा में लगी रही है।

श्री नड्डा ने कहा कि पिछले 8 महीनों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ऐसे कई ऐतिहासिक कार्य कर दिखाए हैं जिसकी आज से पहले किसी ने कल्पना भी नहीं की थी चाहे वह धारा 370 एवं 35A का उन्मूलन हो, ट्रिपल तलाक पर बैन हो, UAPA एवं NIA से कानून पारित कराना हो या फिर CAA लागू करना। धारा 370 के उन्मूलन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास लगातार राजनीतिक ताकत तो रही पर राजनैतिक इच्छाशक्ति कभी नहीं रही। वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने न तो धारा 370 हटाया और न ही ट्रिपल तलाक। कांग्रेस ने भगवान् राम के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर के निर्माण को भी सुप्रीम कोर्ट में लटकाने की कई बार कोशिश की। हमें ख़ुशी है कि सुप्रीम कोर्ट में समयबद्ध तरीके से इस विषय की सुनवाई हुई और हम सबके आराध्य प्रभु श्रीराम के जन स्थान पर भव्य मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ हुआ। धारा 370 के ख़त्म होने से सबसे ज्यादा खुश जम्मू-कश्मीर के लोग हैं क्योंकि उन्हें विकास की मुख्यधारा में जुड़ने का अवसर मिला है। वर्षों बाद जम्मू-कश्मीर में रिकॉर्ड मतदान के साथ बीडीसी के चुनाव संपन्न हुए जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने 80 सीटें जीतीं जबकि कांग्रेस को महज एक सीट मिला। श्रीनगर में 100% मतदान हुआ जबकि पुलवामा और शोपियां में 80% से अधिक. घाटी की शोपियां सीट भी भाजपा की झोली में आई।

 राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जहां तक नागरिकता संशोधन कानून की बात है, महात्मा गाँधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर डॉ मनमोहन सिंह तक सबने पाकिस्तान, बांग्लादेश से आये अल्पसंख्यक  शरणार्थियों को भारत की नागरिकता देने की बात कही थी लेकिन कांग्रेस ने इस दिशा में कभी कोई कदम नहीं उठाये। आज भी वोट बैंक की राजनीति को देख कर कुछ लोगों ने बाग-बाग में बैठने का काम किया है और कांग्रेस एवं आप पार्टी इसे हवा दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसकी जैसी पार्टियों द्वारा देश भर में भ्रम फैलाया जा रहा है कि नागरिकता संशोधन कानून से बड़ी संख्या में पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से शरणार्थी भारत आ जायेंगे जबकि विपक्ष को यह भी समझ नहीं है कि नागरिकता संशोधन कानून के तहत इन तीन देशों से आये उन शरणार्थियों को नागरिकता देने का प्रावधान है जो 31 दिसंबर 2014 तक भारत आ चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता दलित हितैषी होने का ढोंग करते हैं लेकिन दलितों की चिंता नहीं करते। इन शरणार्थियों में लगभग 70% से अधिक दलित हैं लेकिन इनका उन्हें और उनकी सहयोगी पार्टियों को दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा, तृणमूल, आप पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टियाँ ये भ्रम फैला रही हैं कि नागरिकता संशोधन कानून से देश के अल्पसंख्यकों की नागरिकता चली जायेगी जबकि यह नागरिकता देने का कानून है, लेने का नहीं। मैंने कई बार राहुल गाँधी को चुनौती दी कि वे नागरिकता संशोधन कानून पर 10 लाइन बोल कर दिखाएँ लेकिन उन्होंने इस पर कोई जवाब ही नहीं दिया क्योंकि उन्होंने इस कानून को पढ़ा ही नहीं है। देश की जनता इन सबको देख रही है और इन्हें करारा सबक सिखाएगी।

No comments:

Post a Comment